विकासखंड इस्लामनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुंदावली के पास बदायूं-बिजनौर हाईवे पर एक कोल्ड स्टोर के ठीक सामने सड़क पर बना गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए मौत का जाल बन गया है। करीब डेढ़ माह पहले टूटी यह सड़क अब इतनी खतरनाक हो चुकी है कि आए दिन दोपहिया वाहन सवार उसमें गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
*हादसे की जगह बना गड्ढा
स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे पर हुए इस गड्ढे की वजह से कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। गड्ढा इतना गहरा है कि उसमें गिरने वाले वाहन पलट जा रहे हैं और बाइकें चकनाचूर हो रही हैं। बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर जाने से उसकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे अनजान चालक सीधे उसकी चपेट में आ जाते हैं।