प्रेस नोट दिनाँक 20.07.2026
जिलाधिकारी बदायूँ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ द्वारा आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आज दिनांक 20.07.2026 को जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ अंकिता शर्मा द्वारा आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कछला गंगा घाट तथा कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया । निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का गहन
निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव हो तथा किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न होने पाए । जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग स्थलों, विश्राम स्थलों एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूर्णतः सुदृढ़ एवं सतर्क रखी जाए। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। प्रभावी यातायात डायवर्जन योजना लागू कर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े । अधिकारियों द्वारा निर्देश दिए गए
कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें। यात्रा अवधि के दौरान अधिकारी एवं संबंधित विभागीय कर्मचारी नियमित रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें तथा किसी भी समस्या अथवा आकस्मिक स्थिति का तत्काल एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें ।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था एवं श्रद्धा से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। जनपद प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएंगी। इस दौरान एडीएम-ई अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह व अन्य अधि0गण मौजूद रहे।