सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो में बहजोई के खिलाड़ियों का जलवा, 3 स्वर्ण सहित 6 पदक जीतकर बढ़ाया नगर का गौरव*

Notification

×

All labels

All Category

All labels

सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो में बहजोई के खिलाड़ियों का जलवा, 3 स्वर्ण सहित 6 पदक जीतकर बढ़ाया नगर का गौरव*

Monday, October 5, 2026 | October 05, 2026 Last Updated 2026-10-05T14:53:18Z
    Share
सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो में बहजोई के खिलाड़ियों का जलवा, 3 स्वर्ण सहित 6 पदक जीतकर बढ़ाया नगर का गौरव*
संवाददाता नेत्रपाल सिंह बहजोई 

*सिल्वर स्टोन पब्लिक स्कूल बहजोई बना सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता का रनर-अप चैंपियन*

*बहजोई*। हरियाणा के करनाल स्थित मिनर्वा पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता 2026 में बहजोई के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में सीबीएसई के 22 जोन के विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई के इंटरनेशनल जोन से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विद्यालय ने भी प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 1900 खिलाड़ी शामिल हुए।

इतने बड़े राष्ट्रीय मंच पर देशभर और यूएई से आए खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए सिल्वर स्टोन पब्लिक स्कूल, बहजोई के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को रनर-अप चैंपियन स्कूल का गौरव दिलाया। साथ ही विद्यालय ने अंडर-11 बालिका वर्ग की विजेता ट्रॉफी भी अपने नाम की।

सिल्वर स्टोन के रुद्र शर्मा, नव्या गर्ग और अराध्या सिंह ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि अनिरुद्ध सिंह और अनुराग शर्मा ने कांस्य पदक जीते। वहीं बहजोई के एंग्लो वैदिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के हर्षित शर्मा ने भी अंडर-19 के 45 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार बहजोई के खिलाड़ियों ने कुल 6 पदक जीतकर नगर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

अंडर-19 में राष्ट्रीय चैंपियन बने रुद्र शर्मा और नव्या गर्ग अब एसजीएफआई स्कूल नेशनल तथा भारत सरकार द्वारा आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भी प्रतिभाग करेंगे।

विद्यालय के जूडो प्रशिक्षक एकांश गुप्ता ने कहा कि इतने बड़े राष्ट्रीय मंच पर देश के विभिन्न जोन और यूएई से आए खिलाड़ियों के बीच मुकाबला करते हुए बहजोई के खिलाड़ियों का पदक जीतना पूरे नगर के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों ने केवल विद्यालय का ही नहीं, बल्कि बहजोई, जनपद संभल और उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर खिलाड़ियों का साथी खिलाड़ियों, परिजनों एवं विद्यालय के शिक्षकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर सिल्वर स्टोन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक दिवाकर गुप्ता, प्रधानाचार्य संदीप शर्मा, सतीश शर्मा, लव शर्मा, गोविंद वशिष्ठ तथा निखिल तोमर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
CLOSE ADS
CLOSE ADS
close