सी०सी०ई० एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोगों के शत-प्रतिशत सम्पादन में सम्भल प्रदेश में प्रथम स्थान पर।
-
भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार फसलों की उत्पादकता के सटीक आंकलन हेतु सी०सी०ई० एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोगों का सम्पादन कराया जा रहा है। इस प्रक्रिया से न केवल आंकड़ों की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित होती है, बल्कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत कृषकों को दी जाने वाली क्षतिपूर्ति का निर्धारण भी वैज्ञानिक एवं विश्वसनीय आधार पर किया जाता है।
रबी मौसम 2025-26 के अन्तर्गत जनपद सम्भल में कुल 4312 क्रॉप कटिंग प्रयोग निर्धारित किये गये थे, जिनमें गेहूं के 2680, सरसों के 1040 एवं आलू के 592 क्रॉप कटिंग प्रयोग सम्मिलित हैं। जनपद प्रशासन के प्रभावी निर्देशन, सतत् निगरानी एवं राजस्व विभाग के कार्मिकों के समर्पित प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 20 अप्रैल, 2026 तक सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग सी०सी०ई० एग्री ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत पूर्ण
कर लिये गये हैं। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के परिणामस्वरूप जनपद सम्भल ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो कि जनपद के लिए गौरव का विषय है। जिलाधिकारी सम्भल डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), सम्भल प्रदीप वर्मा द्वारा इस उत्कृष्ट कार्य के लिए समस्त लेखपालों, राजस्व निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई है।
उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित कार्य प्रणाली से न केवल कार्यों में पारदर्शिता आती है, बल्कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित होता है।
जनपद प्रशासन द्वारा सभी राजस्व अधिकारी/कर्मचारियों से यह अपेक्षा की गई है कि भविष्य में भी इसी प्रकार तकनीकी नवाचारों का अधिकतम उपयोग करते हुए कृषक हितों की सुरक्षा एवं योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता रहेगा।