रामपुर में 18 वर्षीय युवती फांसी पर लटकी मिली
नेशनल 24
अमित कुमारजोशी
मिलक । रामपुर के मिलक क्षेत्र के रतौण्डा में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 18 वर्षीय युवती का शव अपने ही घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मृतका की पहचान नौबत राम की 18 बर्षीय पुत्री संध्या के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना बुधवार सुबह लगभग 11:00 बजे की है। मृतका के सौतेले भाई आशीष ने बताया कि सुबह 10:00 बजे संध्या ने उसे फोन
कर खाना खाने के लिए घर बुलाया था। जब आशीष करीब एक घंटे बाद घर पहुँचा, तो संध्या का शव कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था।
आनन-फानन में उसने चाकू से दुपट्टा काटकर शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने जानकारी दी कि संध्या की सगी मां की काफी
समय पहले मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। वह अपनी सगी मां की दो बेटियों में छोटी थी। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।
दूसरी मां से उसके दो भाई हैं। संध्या ने कक्षा आठ तक शिक्षा प्राप्त की थी। घटना की सूचना मृतका के चाचा धनीराम द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी पुष्कर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। कोतवाल पुष्कर सिंह ने बताया
कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया
जा सके। वहीं धनीराम का कहना है कि संध्या का बचपन से ही उन्होंने पालन पोषण किया है। हाल ही में संध्या को उसके पिता को सौंपा गया था। उन्होंने अपनी भतीजी की हत्या की आशंका जताई है।