दो माह से वेतन को तरसे सफाई कर्मी, आठ जुलाई से काम बंद हड़ताल की चेतावनी
सहसवान- स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ ने नगर पालिका परिषद सहसवान को वेतन न मिलने पर अल्टीमेटम दिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि अगर सात जुलाई 2026 तक सफाई कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो आठ जुलाई से सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल पर चले जाएंगे।
संगठन के अध्यक्ष अजय मुकर्जी और महामंत्री हरीश लाल द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष को लिखे पत्र में बताया गया है कि नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी न होने के कारण सफाई कर्मचारियों को पिछले लगभग दो माह से वेतन नहीं मिल पाया है। वेतन रुकने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
संघ ने बताया कि 20 जून 2026 को इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी बदायूँ को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी सहसवान के माध्यम से भेजा गया था। लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला।
पत्र में साफ कहा गया है कि यदि 07-07-2026 तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो 08-07-2026 से सहसवान के सभी सफाई कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल शुरू कर देंगे। संघ ने हड़ताल से उत्पन्न होने वाली स्थिति की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की बताई है।