सड़क हादसे में अज्ञात युवक की मौत, पहचान के लिए पुलिस ने जनता से मांगी मदद
संवाददाता विनय कुमार अग्रवाल क़ी रिपोर्ट फतेहगंज पूर्वी
फतेहगंज पूर्वी ।
थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में सोमवार देर रात निकसुआ और टिसुया गांव के बीच सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे सड़क किनारे घायल अवस्था में देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवक को बरेली के एक अस्पताल में भिजवाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है
कि युवक आसपास के किसी क्षेत्र का निवासी हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उसे पहले भी इस इलाके में घूमते हुए देखा गया था।
थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो या
उसकी पहचान कर सके, तो वह तत्काल थाना फतेहगंज पूर्वी अथवा स्थानीय पुलिस से संपर्क करें, ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर परिजनों को सूचना दी जा सके।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।