फतेहगंज पूर्वी। थाना फतेहगंज पूर्वी अंतर्गत ग्राम भदपुरा में घर में घुसकर मारपीट करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ की रहने वाली विद्या देवी पत्नी महावीर अपने घर में खाना बना रही थीं, तभी गाँव का ही मुकेश पुत्र रज्जू अचानक हाथ में लाठी लेकर गाली-गलौज करते हुए
उनके घर में घुस आया। आरोपी मुकेश ने विद्या देवी के सिर पर लाठी से जोरदार प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पत्नी को लहूलुहान देख जब उनके पति महावीर बीच-बचाव करने आए, तो आरोपी ने उन्हें भी लाठियों से बेरहमी से पीटा, जिससे उन्हें भी शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देता हुए मौके से फरार हो गया। इस जानलेवा हमले के बाद गंभीर रूप से घायल पीड़िता ने थाने पहुँचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस ने विद्या देवी के प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए आरोपी मुकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले की जाँच उपनिरीक्षक बाल किशोर को सौंपी गई है, और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।