-------------------------
आंधी, तूफान, भारी वर्षा, बिजली गिरने सहित विभिन्न आपदाओं की मिलेगी पूर्व सूचना
रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम संबंधी सटीक, विश्वसनीय एवं समयबद्ध चेतावनी प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा विकसित ’’सचेत’’ मोबाइल ऐप को अपने मोबाइल फोन में अवश्य डाउनलोड करें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मौसम में तेजी से हो रहे बदलावों के कारण आंधी-तूफान, भारी वर्षा, वज्रपात, बाढ़, लू एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। ऐसे में समय रहते चेतावनी प्राप्त होने पर जनहानि, पशुहानि तथा संपत्तियों को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि ’’सचेत’’ ऐप उपयोगकर्ताओं के वर्तमान स्थान के आधार पर मौसम एवं आपदा संबंधी चेतावनियां सीधे उनके मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराता है। इससे नागरिक संभावित खतरों के प्रति पहले से सतर्क होकर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपना सकते हैं।
उन्होंने सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को ’’सचेत’’ ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें, जिससे जनपद में आपदा जोखिम को कम किया जा सके तथा प्रत्येक नागरिक समय पर महत्वपूर्ण चेतावनी संदेश प्राप्त कर सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षित रामपुर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और ’’सचेत’’ ऐप इस दिशा में एक प्रभावी एवं उपयोगी माध्यम साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि ’’सचेत’’ ऐप गूगल प्ले स्टोर एवं एप्पल ऐप स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड कर नागरिक मौसम एवं आपदा संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त कर सकते हैं।