गलत पैमाइश से किसान की जमीन हड़पने का आरोप, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
मिलक (रामपुर)
तहसील क्षेत्र के गांव मिलक नसीरावाद में कृषि भूमि की पैमाइश को लेकर नया विवाद सामने आया है। एक महिला भूमिधर ने क्षेत्रीय कानूनगो पर पक्षपातपूर्ण एवं त्रुटिपूर्ण पैमाइश करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
मोहल्ला अस्दुल्लापुर निवासी गंगादेई पत्नी स्वर्गीय रोशन लाल ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि वह ग्राम मिलक नसीरावाद स्थित गाटा संख्या 66 की वैध भूमिधर एवं काबिज हैं। उनके खेत से सटे गाटा संख्या 68 के स्वामी द्वारा मेड़बंदी कराए जाने के लिए 17 जून को राजस्व विभाग की ओर से पैमाइश कराई गई थी।
महिला का आरोप है कि क्षेत्रीय कानूनगो ने भू-अभिलेखों और राजस्व नक्शों की अनदेखी करते हुए गलत पैमाइश की। शिकायत के अनुसार विपक्षी पक्ष से कथित साठगांठ कर उनकी कृषि भूमि का हिस्सा काटकर दूसरे गाटे में मिला दिया गया तथा उसी आधार पर मेड़बंदी भी कर दी गई।
गंगादेई का कहना है कि गलत पैमाइश के कारण उनकी बहुमूल्य कृषि भूमि पर अवैध कब्जे की स्थिति बन गई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व अधिकारियों की कार्यशैली से उनके अधिकारों का हनन हुआ है।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पुनः पैमाइश कराने तथा गाटा संख्या 66 का वास्तविक रकबा बहाल कराने की मांग की है। शिकायत के साथ खतौनी एवं राजस्व नक्शे की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।