उर्वरक वितरण में डिजिटल क्रांति, FFS ऐप से घर बैठे होगी बुकिंग
किसानों को बड़ी सौगातः आधार से लॉगिन कर ऑनलाइन बुक करें उर्वरक
*रामपुर व सीतापुर में जल्द लागू होगा उर्वरक बुकिंग मोबाइल ऐप*
रामपुर। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि उर्वरक वितरण प्रणाली को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा ष्फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (FFS) मोबाइल ऐप विकसित किया गया है। इस ऐप को प्रारंभिक चरण में उत्तर प्रदेश के दो जनपदों रामपुर एवं सीतापुर में शीघ्र लागू किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस मोबाइल ऐप के माध्यम से किसान अपनी फार्मर आईडी अथवा आधार कार्ड से लॉगिन कर घर बैठे नजदीकी उर्वरक विक्रेता के यहां अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के उपरांत किसान के मोबाइल पर क्यूआर कोड एवं बुकिंग आईडी जनरेट होगी, जिसके आधार पर वह संबंधित विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकेगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। वर्तमान में जनपद में कुल 20,844 मीट्रिक टन यूरिया, 3,794 मीट्रिक टन डीएपी तथा 8,202 मीट्रिक टन एनपीके उर्वरक उपलब्ध है। गत वर्ष जून माह के वितरण की तुलना में इस वर्ष शत-प्रतिशत उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि जून माह के लिए निर्धारित 8,563 मीट्रिक टन यूरिया लक्ष्य के सापेक्ष 251 प्रतिशत यूरिया उपलब्ध है तथा जनपद में किसी भी स्तर पर उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई विक्रेता अथवा सहकारी समिति निर्धारित दरों से अधिक मूल्य पर उर्वरक बेचती है अथवा उर्वरक के साथ कोई अन्य उत्पाद जबरन खरीदने के लिए बाध्य करती है, तो इसकी शिकायत कृषि विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 7839882763 एवं 9458846182 पर दर्ज कराएं। शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।