76वें वन महोत्सव एवं हरित सारथी अभियान-2026 के तहत अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ वृक्षारोपण
संवाददाता विनय कुमार अग्रवाल क़ी रिपोर्ट फतेहगंज पूर्वी
फतेहगंज पूर्वी । 76वें वन महोत्सव एवं हरित सारथी अभियान-2026 के अंतर्गत अंबेडकर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, फतेहगंज पूर्वी में शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों एवं समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित वातावरण का निर्माण करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य मोइनुद्दीन, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस दौरान सभी ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से प्रेरणा लेते हुए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य मोइनुद्दीन ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन, विशेष अवसरों और पारिवारिक आयोजनों पर भी पौधे लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि "आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर भविष्य की नींव है।" वृक्षारोपण अभियान के दौरान विद्यालय परिसर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प से गूंज उठा।