सुधीर शर्मा ब्यूरो चीफ रामपुर
1800 शीशी प्रतिबंधित नशीले सिरप के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
रामपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी कर प्रतिबंधित कोडीन सिरप (ODECTUSS TR) की 1800 शीशियों के साथ तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद सिरप की खेप को तस्कर मुरादाबाद से रामपुर में ब्लैक में बेचने के लिए लाए थे।
थाना गंज पुलिस ने रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में दिनांक 04.10.2026 को नानकार बाईपास पर स्थित एक बाग के खंडहर में दबिश दी। पुलिस ने मौके से तीन अभियुक्तों को 06 प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखे गए प्रतिबंधित सिरप और 7,300 रुपये नगद के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में
1. राजा पुत्र मुन्ना (निवासी: जुमेरात का बाजार, थाना पाकवाड़ा, जनपद मुरादाबाद)
2. मो. जाकिर पुत्र जाबिर (निवासी: ग्राम सकटू नगला, थाना मूंढापाण्डे, जनपद मुरादाबाद)
3. राजा पुत्र बाबर (निवासी: ग्राम बघी, थाना गंज, जनपद रामपुर)
पुलिस ने इन तीनों के अलावा माल सप्लाई करने वाले चौथे आरोपी सरफराज उर्फ चिम्पैंजी (निवासी: कोहिनूर तिराहा, मुरादाबाद) के खिलाफ भी थाना गंज में मु.अ.सं.- 203/2026, धारा- 8/21 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में अभियुक्त राजा (पुत्र मुन्ना) और मो. जाकिर ने कुबूल किया कि रामपुर में कोडीन सिरप की भारी मांग होने के कारण वे इसे मुरादाबाद के कोहिनूर तिराहे के पास रहने वाले सरफराज उर्फ चिम्पैंजी से ब्लैक में खरीदते थे। इसके बाद वे किराये की गाड़ी से माल रामपुर लाकर राहगीरों और कुछ मेडिकल स्टोरों को ऊंचे दामों पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पकड़े जाने वाले दिन रामपुर का स्थानीय तस्कर राजा (पुत्र बाबर) उनसे माल खरीदने के लिए खंडहर में आया था।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रामपुर निवासी राजा पुत्र बाबर एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ थाना गंज, भोट, अजीमनगर और सिविल लाइंस में गैंगस्टर एक्ट, हत्या का प्रयास (307), एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गुंडा अधिनियम और आबकारी अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में कुल 49 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी जाकिर पर मुरादाबाद में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है।
इस बड़ी बरामदगी को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी हिमांशु चौहान, उपनिरीक्षक (SI) राहुल सिंह, पुनीतकान्त, सुमित कुमार, हेड कांस्टेबल विरेन्द्र भाटी, राहुल सिंह, अंकुर कुमार तथा कांस्टेबल मोहित कुमार और वरुण मसन्द शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने पूरी टीम के इस कार्य की सराहना की है