बगरैन के आदर्श रामलीला मैदान में गूंजा हिंदुत्व का शंखनाद विराट सम्मेलन संपन्न
बगरैन :- कस्बे के बिसौली रोड स्थित ऐतिहासिक आदर्श रामलीला मैदान में मंगलवार को विराट हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्वलन और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने शिरकत की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता व मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बदायूं के विभाग प्रचारक श्री सुधांशु जी ने अपने ओजस्वी संबोधन से जनसमूह में जोश भर दिया। उन्होंने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि हिंदू संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन और गौरवशाली संस्कृति है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और सामाजिक समरसता के महत्व को रेखांकित किया।
सुधांशु जी ने कहा कि संगठन में ही शक्ति है और जब हम संगठित होकर राष्ट्र हित मे कार्य करते हैं तो भारत को पुनः विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। कार्यक्रम का कुशल और प्रभावी संचालन विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रिंस देव शर्मा द्वारा किया गया उनके ओजपूर्ण वक्तव्य और काव्य पंक्तियों ने कार्यक्रम के प्रवाह को अंत तक बनाए रखा और उपस्थित जनसमूह को बांधे रखा।
बिसौली रोड स्थित रामलीला मैदान में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुख्ता इंतजाम रहे।
और स्थानीय लोगों ने इस विराट सम्मेलन को ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्ति, मातृशक्ति एवं युवा शक्ति उपस्थित रहे।