जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ सड़क सुरक्षा समिति बैठक का आयोजन
रामपुर। जिले में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा की उपस्थिति में आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभागों द्वारा की जा रही कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए
निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, चिन्हित ब्लैक स्पॉटों में सुधार तथा जनजागरूकता अभियान प्रभावी रूप से संचालित किए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि ब्लैक स्पॉटों पर रम्बल स्ट्रिप, संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपायों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि टोल प्लाजाओं के 500 मीटर क्षेत्र में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत कार्यों के लिए क्रेन सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराते हुए आस-पास के क्षेत्रों में भी राहत हेतु सम्पर्क किया जाए।
जिलाधिकारी ने क्योरार, धमोरा, शहजादनगर सहित चिन्हित चौराहों एवं अंडरपास पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्विस लेन पर स्पीड ब्रेकर लगाने तथा गांवों को जोड़ने वाले हाईवे मार्गों पर सीधे कट के स्थान पर स्पीड टेबलटॉप विकसित किए जाने पर भी निर्देशित किया।
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने संबंधी राहवीर योजना पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता कर उसे समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने वाले नागरिकों को राहवीर योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। जिलाधिकारी ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर बल देते हुए प्रभारी अधिकारी यातायात एवं एआरटीओ को निर्देशित किया कि रांग साइड वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी चालान कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क निर्माण कार्यों के दौरान सड़क किनारे गड्ढे न छोड़े जाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीओ ट्रैफिक, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एआरटीओ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।