फतेहगंज पूर्वी। नगर में बिना हेलमेट वाहन चलाने पर किए जा रहे चालानों को लेकर व्यापारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि फतेहगंज पूर्वी पुलिस द्वारा चौराहों पर अभियान चलाकर नगर के व्यापारियों के चालान किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि वे अक्सर एक दुकान से दूसरी दुकान या बाजार के भीतर ही छोटे-छोटे कार्यों के लिए मोटरसाइकिल का उपयोग करते हैं। ऐसे में बिना हेलमेट होने पर चालान किए जाने से उनमें रोष व्याप्त है। उनका कहना है कि पुलिस को जागरूकता के साथ-साथ व्यावहारिक पहलुओं पर भी ध्यान देना चाहिए।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी स्वयं बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस पर यातायात नियमों को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
नगर के व्यापारियों का कहना है कि यदि यातायात नियमों का पालन कराना आवश्यक है तो इसका पालन सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि चालान अभियान में पारदर्शिता बरती जाए तथा स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को भी ध्यान में रखा जाए।
मामले को लेकर नगर में चर्चाओं का दौर जारी है और व्यापारी वर्ग ने संबंधित अधिकारियों से इस संबंध में उचित समाधान निकालने की मांग की है।